परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-गोरखपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बीते 10 फरवरी की शाम हुए सड़क हादसे में घायल 58 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा पिपरिया निवासी रामनगीना (58) बीते मंगलवार की शाम को घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद