खाद लेने के लिए गए किसान की चप्पल से दुकानदार ने पीटा।
महराजगंज। मामी चौराहे पर स्थित चौधरी खाद भंडार पर रविवार को यूरिया लेने गए एक किसान को मुनाफाखोरी का विरोध करना महंगा पड़ गया। आरोप है कि दुकानदार ने उसकी चप्पल से पिटाई कर दी।
मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। जिला कृषि अधिकारी ने खाद की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लेहड़ा बाजार के टोला मुरादपुर निवासी बुजुर्ग किसान ब्रह्मदेव चौरसिया खेत में डालने के लिए यूरिया खरीदने रविवार को चौधरी खाद भंडार, मामी चौराहा पहुंचे थे। दुकान के संचालक पंकज निवासी जगदेवपुर से उन्होंने खाद की मांग की। आरोप है कि खाद के लिए किसान से उन्होंने 268 रुपये की जगह 278 रुपये की मांग की। अधिक रुपये मांगने का किसान ने विरोध किया तो दुकानदार भड़क उठा। आरोप है कि पंकज ने गुस्से में बुजुर्ग किसान की चप्पल से पिटाई शुरू कर दी।
लोगों ने पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ओवररेटिंग में जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बृजमनगंज के मामी चौराहे पर संचालित चौधरी खाद भंडार का लाइसेंस निलंबित कर दिया। बृजमनगंज थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि किसान की तहरीर पर आरोपी दुकानदार पंकज निवासी जगदेवपुर व जैस मुहम्मद निवासी जीतपुर फुलमनहां के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उनका चालान कर दिया गया।