महराजगंज। समग्र शिक्षा अभियान के तहत राजकीय माध्यमिक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों का दल शैक्षिक भ्रमण पर गोरखपुर गया। वहां पं. दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का भ्रमण कर विभिन्न संकाय के साथ ही सुयश इंजीनियरिंग काॅलेज से अध्ययन व्यवस्था को देखा।
विद्यार्थियों की बस को शनिवार जिला विद्यालय निरीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजकीय इंटर काॅलेज के विद्यार्थियों को कॅरिअर संबंधित जानकारी बेहतर तरीके से प्राप्त हो इसके लिए कॅरिअर मेले का आयोजन कराने का निर्देश था। इसी क्रम में 100 विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण पर भेजकर कॅरिअर संबंधित जानकारी विभिन्न स्थानों से प्राप्त करने का मौका उपलब्ध कराया गया। विश्वविद्यालय व इंजीनियरिंग काॅलेज भ्रमण के ही विद्यार्थियों ने अशफाक उल्लाह खां प्राणी उद्यान, रेल म्यूजियम व नौकायन का लुत्फ भी उठाया। राजकीय इंटर कॉलेज सिंहपुर, झुलनीपुर, धानी के विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों का मार्ग दर्शन साथ गए प्रधानाचार्य नरेंद्र प्रताप, अनमोल यादव, बिंदु, अर्चना, राकेश, मधुसूदन, शिव कुमारी आदि ने किया।