नौतनवा। गोरखपुर-नौतनवा रूट पर चलने वाली ट्रेनों के संचालन में सुधार नहीं हो रहा है, जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। समय से ट्रेन न मिलने के कारण रोडवेज बस से यात्रा करनी पड़ रही है।
नौतनवा-गोरखपुर रूट पर लगभग 20 दिनों से ट्रेनों का समय से संचालन न होने से यात्रियों को काफी समस्या हो रही है। शुक्रवार को 55071 नकहा जंगल से चलकर नौतनवा तक आने वाली पैसेंजर ट्रेन निरस्त रहीं। यह ट्रेन 2:50 बजे नकहा जंगल से चलकर शाम 5:15 बजे नौतनवा आती है और शाम 6:55 बजे नौतनवा से गोरखपुर के लिए प्रस्थान करती है।
ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। यात्री ऋचा पांडेय, साधना सिंह, मनोरमा, संजू यादव, अखिलेन्द्र, रवि प्रकाश, शकील सिद्दीकी, रामाज्ञा यादव आदि यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर आने पर पता चला कि ट्रेन निरस्त है। उसके बाद स्टेशन चौराहे पर जाकर रोडवेज बस से अधिक किराया देकर यात्रा करना पड़ा।
दुर्ग से चलकर नौतनवा तक आने वाली दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होने के कारण शुक्रवार को निरस्त रही। यह ट्रेन दुर्ग से चलकर रात 10 बजे नौतनवा पहुंचती है और दूसरे दिन शनिवार सुबह 9 बजे नौतनवा से दुर्ग के लिए प्रस्थान करती है। स्टेशन अधीक्षक जफरे आलम अंसारी ने बताया कि नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण शुक्रवार को दुर्ग नौतनवा एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।