जिला अस्पताल के चर्म रोग विभाग की ओपीडी में पहुंचे 80 नए मरीज
बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में घमौरियां, खुजली और एलर्जी की मिल रहीं शिकायतें
संतकबीरनगर। मौसम में बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल में चर्म रोग (स्किन डिजीज) से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को अस्पताल के चर्म रोग विभाग की ओपीडी में 80 नए मरीज पहुंचे। वहीं, 150 पुराने मरीज जांच और उपचार कराने पहुंचे।
मौसम में बदलाव के चलते बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में घमौरियां, फोड़े-फुंसी, खुजली, एलर्जी और त्वचा पर दाने निकलने की शिकायतें बढ़ी हैं। वहीं, तेज धूप और उमस के कारण लोगों के चेहरे पर काली झाइयां और त्वचा संबंधी अन्य समस्याएं भी देखने को मिल रही हैं।जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एसबी गौतम ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और पसीने के कारण फंगल इंफेक्शन के मामलों में इजाफा हो रहा है। मरीजों के शरीर पर लाल चकत्ते, जलन और तेज खुजली की शिकायतें आम हो गई हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले कई मरीज एलर्जी से प्रभावित हैं, जबकि करीब 33 प्रतिशत मरीज दाद की समस्या से पीड़ित पाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को करीब 80 नए मरीजों ने चर्म रोग का इलाज कराया, जबकि लगभग 150 पुराने मरीज जांच और उपचार के लिए पहुंचे। डॉक्टरों का कहना है कि बढ़ती गर्मी, उमस और साफ-सफाई में लापरवाही संक्रमण फैलने का मुख्य कारण बन रही है।
डॉ. गौतम ने लोगों से संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने उबला या स्वच्छ पानी पीने, घर के आसपास पानी जमा न होने देने और शरीर को साफ व सूखा रखने की सलाह दी। लोगों को तौलिया, कपड़े, बर्तन और पेय पदार्थ जैसी वस्तुएं साझा न करने की सलाह दी। इसके अलावा घर और कार्यस्थल पर बार-बार छुई जाने वाली सतहों को नियमित रूप से साफ और कीटाणु रहित करने की भी बात कही।
स्वास्थ्य विभाग ने भी आमजन से सतर्क रहने और त्वचा पर किसी भी प्रकार के दाने, खुजली, जलन या संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में जांच कराने की अपील की है।