- दुदही-बरवापट्टी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए धनराशि जारी, 50 से अधिक गांवों के लोगों को मिलेगी राहत
- फिलहाल 3.5 मीटर चौड़ी है सड़क, सड़क चौड़ी होने से आवागमन होगा आसान, हादसों का खतरा भी घटेगा
पडरौना। दुदही से बरवापट्टी तक जाने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। वर्षों से संकरी और जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़क से आवागमन की परेशानी झेल रहे लोगों को अब निजात मिलने की उम्मीद जगी है। दुदही-बरवापट्टी मार्ग को 3.5 मीटर से बढ़ाकर पांच मीटर चौड़ा करने के लिए 23 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। सड़क चौड़ी होने से 50 से अधिक गांवों के लोगों को सीधे लाभ मिलेगा।
दुदही से बरवापट्टी तक जाने वाली करीब नौ किलाेमीटर सड़क समय पर मरम्मत नहीं होने से जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क पर बने गड्ढ़ों में हल्की बारिश होने पर पानी एकत्र हो जाता था, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होने के साथ हर दिन छोटे-मोटे सड़क दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता था। वहीं सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आमने-सामने वाहनों के आने पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है।
खासकर बाजार और आबादी वाले हिस्सों में लोगों को काफी दिक्कत होती है। सड़क किनारे पैदल चलने वालों और साइकिल सवारों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं रहती। ऐसे में चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से उठती रही है। सड़क चौड़ीकरण होने से न केवल लोगों का आवागमन आसान होगा बल्कि आसपास के गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर सड़क क्षेत्र के विकास की रफ्तार को भी तेज करेगी। लोगों ने कहा कि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाना चाहिए। चौड़ीकरण के साथ जलनिकासी की भी समुचित व्यवस्था हो ताकि बारिश के दिनों में सड़क किनारे जलभराव की समस्या न बने।
चौड़ीकरण होने से इन गांव के लोगों को मिलेगा लाभ
दुदही से बरवापट्टी मार्ग के चौड़ा होने से क्षेत्र के सरगटी, घुरपट्टी, बैरीया, खैरवा, जमुआन, मिश्रौली, हिरासोती, उलटहवा, भुइधरवा, शेखपटी, दशहवा, चकदहवा, अमवा दिगर, अमवा खाश, नन्दपुर, पिपराही, विचपटवा, धोकरहा, जमुनिया, रामपुर पट्टी, खानगी लिलहट, गोबरहा, बरवापट्टी, पिपरा टोला, कोदई टोला, बिनटोली, बांसगांव, बैयराटोला, तिलगवा पट्टी, जटवलीया, कोड़रा, खरसाल, पडरौना मडुरही, नैनहा, बड़हरा बुजुर्ग के अलावा बिहार प्रांत के लक्ष्मीपुर, कैवाखोर, धुमनगर और रामनगर समेत 50 से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
स्पीकअप
दुदही-बरवापट्टी सड़क संकरी होने से बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान राहगीरों को किनारे खड़ा होना पड़ता है। सड़क चौड़ी होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
- रमाकांत गुप्ता, निवासी, धोबी घाट, बरवापट्टी।
0000000
दुदही-बरवापट्टी मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग बाजार, स्कूल, अस्पताल और तहसील आदि स्थानों तक आते-जाते हैं। चौड़ीकरण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
- ध्रूप गुप्ता, निवासी, धोवीघाट बरवापट्टी।
वर्जन
दुदही-बरवापट्टी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए शासन की तरफ से धनराशि जारी हो गई है। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए विभाग की तरफ से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बहुत शीघ्र सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- राहुल सोनी, एई, पीडब्ल्यूडी।