महराजगंज। नवरात्र में व्रत रखने वालों के बीच ड्राई फ्रूट की मांग बढ़ गई है। फलाहार के लिए लोग काजू, बादाम, किशमिश और मखाना खरीद रहे हैं। इसके चलते शहर की ड्राई फ्रूट की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की जरूरत और बजट के अनुसार छोटी-बड़ी पैकिंग में सूखे मेवे उपलब्ध कराए हैं।
नवरात्र में बड़ी संख्या में लोग नौ दिनों तक व्रत रखते हैं। ऐसे में फल के साथ सूखे मेवे भी फलाहार का हिस्सा बन रहे हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार इनकी खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, काजू, बादाम, किशमिश और मखाना की मांग अधिक है। त्योहार के दौरान बिक्री में तेजी आने से उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
सदर कोतवाली के पास ड्राई फ्रूट की दुकान चलाने वाले विवेक निगम ने बताया कि बाजार में काजू 800 से 1000 रुपये प्रति किलो, बादाम 1300 से 1400 रुपये, मखाना 1000 से 1400 रुपये और किशमिश 400 से 600 रुपये प्रति किलो बिक रही है। गुणवत्ता और किस्म के अनुसार कीमतों में अंतर हो सकता है।
उन्होंने बताया कि नवरात्र के चलते सूखे मेवों की मांग बढ़ी है। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं। त्योहार के शेष दिनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है। अलग-अलग पैकिंग के विकल्प उपलब्ध होने से ग्राहकों को अपने बजट के मुताबिक खरीदारी करने में सहूलियत मिल रही है।