महराजगंज। परतावल के वार्ड 15 के निवासियों ने बुधवार डीएम को ज्ञापन देकर मोहल्ले में संचालित शराब की दुकान अन्यत्र स्थापित कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों ने कहा कि दुकान पर शराबियों के जमावड़े के कारण महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
महंथ अवैद्यनाथ नगर के निवासियों ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि देसी शराब की दुकान पर सुबह-शाम शराबियों का जमावड़ा रहता है। शराबी वहां से गुजरने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसते रहते हैं। शराब की दुकान के 100 मीटर दायरे में पंचायत इंटर कॉलेज है तो मात्र 10 मीटर दूर एसीपी कोचिंग क्लास संचालित होता है। 60 मीटर के दायरे में पीएनबी बैंक शाखा है। बैंक और शिक्षण संस्थान के 500 मीटर के दायरे में दुकान नहीं हो सकती, लेकिन अनुपालन नहीं हो रहा। ज्ञापन देने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। इस दौरान प्रमोद जायसवाल, संपूर्णानंद सिंह, जय प्रकाश मद्धेशिया, प्रभुनाथ मद्धेशिया, रितिक जायसवाल, वृंदा, मीरा, रागिनी, नीलम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।