महराजगंज। फार्मासिस्ट डिग्री धारकों ने औषधि निरीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। शुक्रवार को डीएम कार्यालय में अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन (एबीपीए) के जिलाध्यक्ष शिवम विश्वकर्मा के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में औषधि निरीक्षक पर मनमानी करने और अनुचित व्यवहार का उल्लेख भी किया है।
फार्मासिस्ट संगठन एबीपीए के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि औषधि निरीक्षक पद का दुरुपयोग कर रहे और फार्मासिस्ट को जारी मेडिकल लाइसेंस का रिन्यूअल करने में हीलाहवाली कर रहे हैं। इसके पीछे अवैध धन उगाही की मंशा है, क्योंकि औषधि निरीक्षक खुद मिलते नहीं और इनके दफ्तर के कर्मी काम के लिए चढ़ावा मांगते है।
बिना पंजीकरण चल रहे मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण तो नियमित किया जा रहा, लेकिन लाइसेंस न होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही। बिना पंजीकरण संचालित मेडिकल स्टोर संचालक मिलीभगत से नारकोटिक्स व प्रतिबंधित दवाओं की खेप सीमापार नेपाल तक पहुंचा रहे हैं। नेपाल बाॅर्डर क्षेत्र में जनरल स्टोर्स पर दवाएं बिक रही हैं, लेकिन कार्रवाई की जगह औषधि निरीक्षक फार्मासिस्टों का शोषण करने में जुटे हैं, जिससे हम मानसिक रूप से त्रस्त हैं।