महराजगंज। जिला मुख्यालय जैसी महत्वपूर्ण जगह होने के बाद भी यहां से परिवहन निगम की बसों का संचालन कई महत्वपूर्ण स्थानों के लिए नहीं है। महराजगंज डिपो की ओर से 62 बसों का संचालन है, लेकिन डिपो के पास पर्याप्त चालक नहीं हैं।
35 चालकों की कमी दूर करने में निगम पिछले कई माह से जुटा है। जिले से लेकर गोरखपुर क्षेत्रीय कार्यालय तक कैंप लगाकर संविदा चालकों की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक मात्र पांच चालक ही मिल सके हैं। अभी भी डिपो में 35 चालकों की कमी बनी हुई है जिसके कारण लोकल रूट के बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। निगम ने एक बार फिर संविदा चालकों की तलाश के लिए जगह-जगह कैंप लगाकर संविदा वाहन चालकों की भर्ती कर रहा है।परिवहन विभाग को संविदा चालकों की जरूरत है, लेकिन चालक न मिलने की वजह कठिन शर्त व मानदेय कम होना बताया जा रहा है। साथ ही कुछ ऐसे नियम भी अड़चन डाल रहे हैं।
संविदा चालकों को 19,500 रुपये महीने में विभाग तभी देगा जब चालक पूरे महीने में पांच हजार किमी बस चलाया हो। साथ ही संविदा चालकों को दिन रात दोनों का शेड्यूल निगम लांग रूट पर चालकों की कमी के चलते कर देता है इसके कारण संविदा चालकों को आराम का समय नहीं मिलता और वह परेशान होकर नौकरी छोड़ देते हैं।