चालक व परिचालकों के लिए ड्रेस में होना अनिवार्य
महराजगंज। 3 जनवरी से प्रयाग माघ मेला प्रारंभ हो रहा है। श्रद्धालुओं को बड़ी संख्या को देखते हुए महाकुंभ की तरह इस बार माघ मेला के लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। रोडवेज बसें लेकर प्रयागराज जाने वाले चालकों और परिचालकों के लिए इस बार कुछ नए नियम प्रभावी किए गए हैं।
एआरएम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए चालक व परिचालकों का सत्यापन राज्य परिवहन प्रबंधक ने अनिवार्य कर दिया है। माघ मेला यात्रियों को लेकर जाने वाले 15 चालक और परिचालक सत्यापन कराया जाएगा। सत्यापन तीन प्रतियों में होगी। एक प्रति पुलिस, दूसरी डिपो व तीसरी संबंधित चालक-परिचालक को दी जाएगी। सत्यापन प्रपत्र पर चालक व परिचालक का नंबर रहेगा। विषम परिस्थितियों में स्थानीय स्तर से भी संपर्क किया जा सकेगा। पहली बार यह सत्यापन प्रक्रिया कराई जा रही है। ताकि महाकुंभ जैसी भगदड़ या अन्य कोई विषम परिस्थिति आती है तो चालक व परिचालकों से संपर्क कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा से दिए निर्देश दिए जा सकें। इसके अलावा जाने वाले प्रत्येक चालक व परिचालक को विभागीय ड्रेस में रहना और आई कार्ड व नेम प्लेट लगाकर रखना होगा। फिटनेस जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग 28 दिसंबर के बाद डिपो में शिविर लगाकर सेहत जांच कराएगा।
वर्जन
डिपो से 15 चालक परिचालक माघ मेला में श्रद्धालुओं को लेकर जाएंगे। इनका सत्यापन पुलिस से कराया जाएगा। स्वास्थ्य शिविर लगाकर कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच-पड़ताल भी होगी।
-सर्वजीत वर्मा, एआरएम।