परतावल। सोमवार की देर शाम कैंपियरगंज से बैतालपुर सड़क निर्माण के लिए गिट्टी पहुंचाकर लौट रहे ट्रक चालक की श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के महदेवा में चलती गाड़ी में ही हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
अचानक तबीयत बिगड़ने पर चालक ट्रक में गिर गया। पीछे चल रहे उसी कंपनी के दूसरे ट्रक चालक ने घटना को देखते ही गाड़ी रोकी और पुलिस की मदद से चालक को सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक चालक की पहचान शिवानन्द मौर्या (55) निवासी हरपुर, गुलबहवा, जंगल हापुर, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
गनीमत यह रही कि चालक जब गिरा तब उसका पांव ब्रेक पर पड़ गया जिससे ट्रक उसी स्थान पर खड़ा होकर बंद हो गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।