फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: मृत पड़ा मिला 23 लोगों को काट चुका कुत्ता, इनमें से तीन पुलिसकर्मी भी, संक्रमण के खतरे से सहमे पीड़ित

Thu, 13 Aug 2026 09:52 AM IST
Akash Dubey संवाद न्यूज एजेंसी, परतावल (महराजगंज)

सार

परतावल में 23 लोगों को काटने वाला कुत्ता बुधवार को मृत मिला। रेबीज के संक्रमण के खतरे से पीड़ित सहमे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी के टीकाकरण की बात कही है।
विज्ञापन
डॉग अटैक ( सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के महराजगंज जिले में जिस कुत्ते ने परतावल क्षेत्र में 23 लोगों को बीते रविवार से सोमवार के बीच काटा था, वह बुधवार को मृत पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह उसने कस्बे में एक लड़की को काट लिया था। हमलावर होने के चार दिन के भीतर कुत्ते की मौत के बाद रेबीज के संक्रमण के खतरे की आशंका से पीड़ित सहमे हुए हैं। सीएमओ ने सभी का टीकाकरण कराने की बात कही है।

विज्ञापन

कस्बे में चल रहे मेले में रविवार की रात एक कुत्ते ने 17 लोगों को काट लिया था। मेला परिसर में अफरा-तफरी की सूचना पर पहुंचे परतावल चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को भी काटकर घायल कर दिया था। इससे कस्बे में सनसनी फैल गई थी। सोमवार को कस्बे में भी दो लोगों को कुत्ते ने काट लिया था। नगर पंचायत की टीम कुत्ते की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार की सुबह कुत्ता बाजार में मृत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कुत्ते को आबादी से दूर ले जाकर दफना दिया।

सीएचसी परतावल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि लोगों को काटने के चौथे दिन अगर कुत्ते की मौत हुई है तो निश्चित रूप से पागल हो चुका रहा होगा और उसकी मौत रेबीज के संकमण से होने की आशंका है। उसका पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए था। डॉ. यादव ने कहा कि जिन लोगों को कुत्ते ने काटा या चाटा है, उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन जरूर लगवा लेनी चाहिए। इसमें लापरवाही खतरनाक हो सकती है।

पीड़ित सहमे
जिन लोगों को कुत्ते ने काटा था उन्हें अब रेबीज के संक्रमण का डर सताने लगा है। बेलवा निवासी मोनू पटेल ने बताया कि वैक्सीन तो लगवा ली थी लेकिन कुत्ते की मौत के बाद डर सताने लगा है। बृहस्पतिवार को डॉक्टर से सलाह लेकर इलाज शुरू कराएंगे। वहीं बसहिया निवासी विष्णु ने बताया कि कुत्ते की मौत के बाद डर लग रहा है। अब समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें।

कुत्ते का नहीं कराया गया पोस्टमार्टम
नगर पंचायत परतावल के अधिशासी अधिकारी अवनीश यादव ने कहा कि मृत मिले कुत्ते का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। हालांकि, उसे आबादी से दूर ले जाकर दफन करा दिया गया है। मरने से पहले कुत्ते के पागल होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में जिन लोगों को कुत्ते ने काटा या चाटा होगा, उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
विज्ञापन

जिन लोगों को कुत्ते ने काटा है उन्हें एआरवी व एआरएस की पहली डोज लगा दी गई है। आगे जिनको जरूरत होगी, उनके लिए सीएचसी परतावल में पर्याप्त टीका उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर सदर अस्पताल में भी टीका लगवाया जाएगा। - डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, सीएमओ, महराजगंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें