परतावल। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामदेउरवां में तैनात चिकित्सक डॉ. बीजी मौर्या और फार्मासिस्ट रमेश चंद्र गुप्ता को समय से पहले ड्यूटी छोड़ना महंगा पड़ गया। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में दोनों का एक दिन का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
आरोप है कि सोमवार को दोनों स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय से एक घंटे पहले ही पीएचसी से चले गए थे। इस बीच इलाज कराने पहुंचे मरीजों को वापस लौटना पड़ा था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई। अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पीएचसी श्यामदेउरवां में तैनात चिकित्सक और फार्मासिस्ट का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया है।