महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान 500 गृहजल संयोजन की लक्ष्यपूर्ति न होने पर कार्यदायी संस्था जेएमसी को चेतावनी व रिथविक कोया से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम ने कहा कि दोनों कार्यदायी संस्थाएं सुनिश्चित करें कि सभी परियोजनाएं मार्च तक पूर्ण हो जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों के संदर्भ में कहा जो गैर–बिटूमिनस सड़कें हैं, उनकी मरम्मत 15 दिन के भीतर सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने गृहजल संयोजन में विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए युद्धस्तर पर कार्य कर शत–प्रतिशत कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा 26 परियोजनाओं में धनराशि प्राप्त होने के बावजूद विद्युत संयोजन हेतु आगणन उपलब्ध न कराने पर चेतावनी देते हुए जल्द आगणन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की सभी परियोजनाओं में बाउंड्री वाल का कार्य शुरू करने की बात कही। जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल है और इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम आतिफ हुसैन, अधिशासी अभियंता विद्युत सदर मौजूद रहे।