लापरवाह बीडीओ को डीएम ने लगाई फटकार
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। डीएम ने बुधवार को कार्यालय कक्ष में जिले की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस बीच दायित्व के प्रति लापरवाह खंड शिक्षा अधिकारियों को डीएम ने कड़ी फटकार लगाई। साथ ही चेतावनी दी कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति कम हुई तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डीआईओएस को भी आवश्यक दिशानिर्देश दिया।
जिले के परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थित काफी कम रहने की शिकायत डीएम को मिली है। कुछ दिन पहले डीएम ने मिठौरा ब्लॉक के कुछ स्कूलों की जांच कराई तो तमाम शिक्षक गैरहाजिर मिले। इस मसले पर उन्होंने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए परिषदीय स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। खंड शिक्षा अधिकारियों से उन्होंने स्कूलों की शैक्षिक व्यवस्था की जानकारी ली। नामांकन बढ़ाने पर जोर देने के साथ ही शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया।