महराजगंज। अयोध्या में बन रहे प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे राम आएंगे विशेष अभियान के तहत रविवार को जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलक्ट्रेट परिसर में झाड़ू लगाई। 22 जनवरी को अयोध्या में आयोजित प्रभु श्रीराम के मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान को लेकर डीएम ने पिछले दिनों बैठक कर जिले के सभी गांव व निकायों में 14 से 21 जनवरी तक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही 21 से 27 जनवरी तक जिले के सभी सार्वजनिक भवनों व मंदिरों को सजाने व 22 जनवरी को भव्य दीपोत्सव मनाने का फरमान जारी किया गया है। इसके तहत डीएम ने रविवार को खुद इसकी शुरुआत अपने कार्यालय कक्ष से करते हुए पूरे कलक्ट्रेट परिसर की साफ-सफाई कराई। एडीएम डॉ. पंकज वर्मा व कलक्ट्रेट के अन्य अधिकारी, कर्मचारी भी साफ-सफाई में जुट गए।
डीएम अनुनय झा ने कहा कि अयोध्या में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जिले में भी उत्सव की तैयारी चल रही है। हर गांव, हर शहर, हर घर में श्रीराम के आगमन को लेकर लोग उत्साहित हैं। यह अवसर हर भारतीय के लिए विशेष हैं। इसलिए इसकी तैयारी भी विशेष और भव्य होनी चाहिए। एडीएम डॉ. पंकज वर्मा ने कहा कि डीएम की अगुवाई में आज से पूरे जिले में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत सभी सार्वजनिक भवनों, कार्यालय, मंदिर और जलाशयों की विशेष रूप से सफाई की जाएगी। इसमें जनभागीदारी को बढ़ाने के लिए सभी गांवों और निकायों में अभियान चलाए जाएंगे।