‘मतदेय स्थलों की व्यवस्था को दुरुस्त करें जिम्मेदार’
कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में डीएम ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को कुशलपूर्वक संपन्न कराए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि वे मतदेय स्थलों की व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रो/मतदेय स्थलों पर रैंप, पेयजल, विद्युत, शौचालय, बाउंडी आदि की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। कोई भी समय का इंतजार न करें, जिन विद्यालय पर बूथ बने हैं, वहां सुरक्षा के लिहाज से बाउंड्री, पानी, लाइट व शौचालय की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बूथों का आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाए। जो भी कमी हो, उसे जल्दी ठीक कराया जाए। वहां पर कार्मिकों व मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर एसडीएम मदन मोहन वर्मा, डीआईओएस अशोक कुमार सिंह, बीएसए ओम प्रकाश यादव, डीपीआरओ केबी वर्मा, डीओ एनआईसी मनोज कुमार व अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
‘वाहनों की कमियों को समय रहते करें दुरुस्त’
महराजगंज। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने मतदान केंद्रों पर कार्मिक व फोर्स को ले जाने के लिए वाहनों को अधिग्रहीत किए जाने के लिए विद्यालय के प्रबंधकों तथा प्रधानाचार्य के साथ बैठक की तथा निर्देशित किया कि वाहनों में जो कमियां हैं, उन्हें समय रहते दुरुस्त करा लिया जाए। यह भी कहा कि वाहन को चालक समेत समय से उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में पहले प्रबंधकों/प्रधानाचार्यो ने कहा कि पंचास्थानीय चुनाव का भुगतान नहीं हुआ है। इस पर पंचास्थानीय चुनाव के जिम्मेदारों को निर्देश दिए गए कि तत्काल भुगतान कराया जाए। इस दौरान डीआईओएस अशोक कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आरसी भारतीय, विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य आदि मौजूद रहे। संवाद