सीडीओ ने किसानों से की बात, समिति के सदस्यों से भी ली जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। किसानों के नाम पर खाते खुलवाकर धान बेचने की जांच सीडीओ की अगुवाई में कर रही टीम सोमवार को अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। माना जा रहा है कि रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद कुछ और लोग कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
गड़बड़ी की बात सामने आने के बाद धान खरीद एजेंसी एनसीसीएफ के खाते का संचालन रोक दिया गया था। वहीं डीएम के निर्देश पर सीडीओ की अध्यक्षता में जांच समिति गठित जांच कर रही है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने एजेंसी से जुड़े क्रय केंद्रों पर धान बेचने वाले किसानों से बात कर वास्तविकता का पता लगाया। शाम को समिति से जुड़े जिम्मेदारों को भी बुलाकर अभिलेखों से प्राप्त स्थिति की जानकारी ली। सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि किसानों से जानकारी लेने के साथ ही समिति के जिम्मेदारों से भी चर्चा हुई है। सोमवार तक समिति अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप देगी।