महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार रात दुल्हन के शादी से इन्कार करने पर बरात लौट गई। जयमाल के दौरान दुल्हन ने स्टेज पर दूल्हे का मुंह देख लिया। जिससे उसने शादी से मना कर दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस चौकी में समझौता होने के बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात आई थी। भोजन के बाद जयमाल की रस्म शुरू हुई। दुल्हन की नजर दूल्हे के चेहरे पर पड़ी तो वह नाराज हो गई और दूल्हे के गले में वरमाला डाले बगैर घर के अंदर चली गई।
पूछने पर उसने दूल्हे के अधिक उम्र के होने की वजह से शादी नहीं करने की बात कही। दुल्हन ने पहले दूल्हे को नहीं देखा था। उसने मोबाइल से वीडियो कॉल कर दूल्हे को दिखाने की बात की थी, लेकिन इससे भी इन्कार कर दिया गया था।
दुल्हन के शादी से इन्कार करने की जानकारी मिलते ही बरातियों में खलबली मच गई। गांव के लोगों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन तैयार नहीं हुई। बृहस्पतिवार रात में पुलिस को जानकारी हुई तो वर पक्ष से कुछ लोगों को पुलिस चौकी बुलाया गया।
शुक्रवार सुबह दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। शादी में लगे खर्च को वर पक्ष ने देने की बात कही, इसके बाद सहमति बनी। चौकी प्रभारी मुजुरी नीरज यादव ने बताया कि दोनो पक्षों में समझौता हो गया है।