महराजगंज। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत पोलिंग पार्टियों के विधानसभावार प्रशिक्षण का जिलाधिकारी अनुनय झा ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने वोटर फैसिलिटेशन सेंटर को भी देखा और निर्देश दिया कि आने वाले पोस्टल मतदाताओं का मतदान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रशिक्षण कक्षों का निरीक्षण किया और पोलिंग पार्टी में नियुक्त कार्मिकों से मतदान प्रक्रिया के संदर्भ में सवाल भी किया।
जिलाधिकारी ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि बूथ के भीतर कोई भी अनधिकृत व्यक्ति मोबाइल लेकर प्रवेश न करें। विधानसभा नौतनवा में नियुक्त मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण कराया गया। प्रभारी अधिकारी कार्मिक संतोष कुमार राय ने कहा कि मतदान जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता/अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण में समय से मॉक पोल, मतदान प्रारम्भ कराना, चैलेंज वोट, टेंडर वोट, टेस्ट वोट, दिव्यांगजन के द्वारा साथी की मांग की स्थिति आने पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। प्रशिक्षण प्रभारी रामदरश चौधरी ने मतदान कार्मिकों से मतदाता की पहचान हेतु एपिक या फोटोयुक्त 11 विकल्पों में किसी एक विकल्प, पोलिंग पार्टियों के रवानगी, ईवीएम एवं मतदान सामग्री, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपैट, एकीकृत मूल मतदाता सूची, ग्रीन पेपरसील, मतदाता रजिस्टर, मतदाता पर्ची, चेकलिस्ट, मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति, इन्ट्री पास सहित विभिन्न मतदान कार्मिकों की जानकारी दी।