लखनऊ से आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा
यूपी दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने यूपी दिवस के आयोजन को लेकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूपी दिवस कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, आकर्षक और जनसरोकार से जुड़ा बनाया जाए। ताकि लोगों को राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की समुचित जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि यूपी दिवस के अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त पदुम नारायण द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को मंच, साज-सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पार्किंग एवं आगंतुकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। यूपी दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही पात्र लाभार्थियों से संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। राष्ट्रीय आजीविका मिशन के माध्यम से विशेष मेला आयोजित किया जाएगा। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनपद के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। स्थानीय एवं लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यूपी दिवस के अवसर पर एसआईआर को लेकर एक विशेष स्टॉल भी लगाया जाएगा, जहां मतदाता फॉर्म-06 भरकर निर्वाचक नामावली में पंजीकरण कराया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त लखनऊ से आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि लोग राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ सकें। निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।