प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से टला तनाव
श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव का मामला, प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान से असंतुष्ट था मुस्लिम समुदाय
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान मंदिर के सामने डीजे व ढोल-ताशा बंद न करने पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। कुछ देर तक चली नोकझोंक के बाद किसी तरह मामला शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, जब शांतिपूर्वक जुलूस कर्बला की तरफ जाने लगा तो मंदिर के सामने कुछ लोगों ने इस्लामिक नारे लगाए तो हिंदू समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। गनीमत रही कि वहां मौजूद पुलिस बल ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया और बड़ा विवाद होने से टल गया। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल को लेकर मुस्लिम समुदाय को लोग संतुष्ट नहीं थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम और एसडीएम जितेंद्र कुमार ने हिंदू समुदाय के लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। अधिकारियों के समझाने के बाद मामला शांत हो गया तथा जुलूस को कर्बला तक पहुंचाया गया। घटना के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक हुए ताजिये
परतावल। मुहर्रम के अवसर पर श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र की अतिसंवेदनशील बड़हरा बरईपार, सोनकटिया, धनहा बैजौली, मोहम्मदपुर, बुद्धिरामपुर, तरकुलवा भटगांवां, महदेवा, कोटवा, पिपरिया, परतावल और अमवा बसहिया गांवों के ताजियों को निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान ताजियादारों की भारी भीड़ उमड़ी रही और शांतिपूर्ण माहौल में सभी धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। साथ ही मेला का भी आयोजन किया गया। ताजिया जुलूस को कर्बला तक ले जाने और दफन की प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बड़हरा बरईपार क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई थी। इसके अलावा तीन इंस्पेक्टर, चार उपनिरीक्षक तथा 21 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल समेत कुल करीब 40 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अन्य थानों से लगाई गई थी। अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवाद