सिंदुरिया। ग्रामसभा सिंदुरिया निवासी विजय गुप्ता ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर सार्वजनिक चकनाली पर अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनके पिता के नाम दर्ज जमीन पर सिंदुरिया-शिकारपुर मार्ग पर पहले से ही मकान बना हुआ है। यह हरिहरपुर ग्रामसभा और पतरेंगवा गांव की सीमा पर स्थित है।
विजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनके मकान के पीछे सार्वजनिक चकनाली है, जिस पर सिंदुरिया निवासी एक व्यक्ति भवन निर्माण कर कब्जा कर रहा है। आसपास जिन लोगों ने मकान बनवाया है, उन्होंने चकनाली की जमीन छोड़कर निर्माण कराया है लेकिन आरोपी इसकी अनदेखी कर रहा है। पीड़ित ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर उतारू हो जाता है और जान से मारने की धमकी देता है। इस संबंध में एसओ राजकुमार सिंह ने बताया शिकायत मिलने के बाद निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। राजस्व विभाग से पैमाइश कराने के बाद जो भी उचित होगा, उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।