महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने धनेवा स्थित निरीक्षण भवन में जनसुनवाई में पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं। इसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र मुंडेरा कला का निरीक्षण किया।
उपाध्यक्ष ने सबसे पहले कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, धनेवा-धनेई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं से सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्न किया। अंग्रेजी विषय की किताब भी पढ़वाई। बीएसए को निर्देशित किया कि छात्राओं के उचित शैक्षणिक वातावरण को बनाएं और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उसे और बेहतर करें। बालिकाओं के हास्टल के निरीक्षण के दौरान हॉस्टल की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
बीएसए ने अवगत कराया कि हास्टल में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के साथ ही राजकीय बालिका विद्यालय की छात्राएं भी आवासित हैं। आंगनबाड़ी केंद्र मुंडेरा कला के निरीक्षण के दौरान परिसर सहित शौचालय की सफाई नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र में आने वाले बच्चों के अभिभावकों से संवाद करते हुए उन्हें भी बच्चों को स्वच्छ और व्यवस्थित रूप से केंद्र में भेजने के लिए प्रेरित करें।
स्वच्छता किट को केंद्र में रखने और बच्चों को उससे न सिर्फ साफ रखने बल्कि उनका इस्तेमाल सीखाने के लिए भी कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से बात की और उनमें फल व चॉकलेट का वितरण किया। उन्होंने एक धात्री माता और एक बच्चे की गोदभराई और अन्नप्राशन भी कराया।
सुनवाई में अधिकांश प्रकरण घरेलू हिंसा के रहे
उपाध्यक्ष धनेवा स्थित निरीक्षण भवन में पीड़ित महिलाओं की जनसुनवाई की। अधिकांश प्रकरण घरेलू हिंसा के रहे। इसके अलावा कुछ प्रकरण भूमि विवाद व आवास सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ न मिल पाने को लेकर भी था। उपाध्यक्ष ने सभी प्रकरणों को नोट करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर आख्या प्रेषित करने का निर्देश दिया। योजनाओं से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया को पूर्ण कराते हुए नियमानुसार लाभ सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को महिलाओं से संबंधित प्रकरणों में गंभीरता से काम करने का निर्देश्स दिया। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी सदर रमेश कुमार, सीओ अनुज सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सीडीपीओ सदर अनुराग कुमार त्रिपाठी, बीएसए ऋद्धि पांडेय मौजूद रहे।