महराजगंज। जनपद में प्रचुरता के दावे के बीच खाद की मारामारी है। डीएम के निर्देशन में कृषि विभाग की तरफ से उर्वरक विक्रेताओं की पड़ताल और स्टाक का सत्यापन, किसानों के लिए कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्था प्रभावी है।
अब निदेशालय स्तर से भी निगरानी शुरू कर दी गई है। विभाग को हर माह 20 विक्रेता व खरीदारों की सूची देनी है। सर्वाधिक खाद बिक्री व खरीद करने वाले किसान की पड़ताल निदेशालय स्वयं करेगा।
खाद की किल्लत को देखते हुए कृषि निदेशालय ने सर्वाधिक खाद खरीदने और बेचने वालों का ब्योरा मांगा है। निदेशालय स्तर से तय फार्मेट पर विभाग को खाद खरीदने व बेचने वालों का पूरा ब्योरा देना है। खाद के लिए सहकारी समितियों और उर्वरक की दुकानों पर किसानों की भीड़ उमड़ रही है। अधिकतर किसान रोपाई पूरी कर चुके हैं। अब रोपाई तेजी से ग्रोथ करे इसके लिए यूरिया की आवश्यकता है। कृषि विभाग की ओर से सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। अब कृषि निदेशालय ने प्रतिमाह सर्वाधिक यूरिया खाद की खरीद करने वाले 20 किसानों का ब्योरा तय फार्मेट में मांगा है।