डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ जिला कमेटी ओर से बृहस्पतिवार को सुबह लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं।
संगठन के जिलाध्यक्ष ई.आरपी चौधरी ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ संवर्ग प्रारंभिक ग्रेड पे 4200 से 4800 करने, पदोन्नति वेतनमान प्रदान करने सहित अपनी अनेकों सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कई बार आवाज बुलंद की गई। लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के अधीनस्थ कुछ विभागों के ऐसे संवर्ग भी हैं, जो जूनियर इंजीनियर से कम ग्रेड वेतन प्राप्त कर रहे थे अथवा जूनियर इंजीनियर्स के बराबर ग्रेड वेतन पा रहे थे, उनका ग्रेड वेतन बढ़ाकर जूनियर इंजीनियर से अधिक कर दिया गया है। उदाहरण के रूप में 11 संवर्ग ऐसे है जो ग्रेड वेतन 2800 में थे, उनका ग्रेड वेतन उच्चीकृत कर 4200 व 4600 कर दिया गया है। इस दौरान पंकज कुमार, योगेश तिवारी, केके दूबे, अजीत कुमार, विदोस यादव, राहुल, जिज्ञासु, संदीप सिंह, अफरोज अहमद, एसके वर्मा आदि मौजूद रहे।