नौतनवा। दशहरा और दीपावली त्योहार नजदीक आते ही गोरखपुर नौतनवा रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ गई है। भारतीय महानगरों व अन्य प्रदेशों में काम करने वाले नेपाली नागरिक अपने घर लौट रहे हैं, जिससे इस समय ट्रेनों में काफी भीड़ हो रही है। यात्रियों को ट्रेन में सीट न मिलने से खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
भारत नेपाल सीमा पर स्थित नौतनवा रेलवे स्टेशन अंतिम रेलवे स्टेशन है जहां से भारी संख्या में लोग यात्रा करते हैं। नेपाल सीमा के करीब होने के कारण इस स्टेशन से भारी संख्या में नेपाल के नागरिक यात्रा करते हैं। अधिक संख्या में नेपाली नागरिक भारत के बड़े शहरों महानगरों मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई, लुधियाना, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ आदि शहरों में रहकर कारखानों आदि में काम करते हैं।
दशहरा पर्व नेपाल में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस समय लोग अपने घरों को लौट रहे हैं जिससे ट्रेनों में काफी भीड़ हो रही है। यात्री उत्तम थापा, हरि गुरुंग, समर बहादुर, दीपक, रानी, रागिनी, उर्मिला, महेंद्र यादव, राधेश्याम, मुकेश आदि लोगों ने बताया कि वह लोग मुंबई, लुधियाना से लौट रहे हैं ट्रेन में काफी भीड़ हो रही हैं जिससे सीट न मिलने के कारण खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक जाफरे आलम ने बताया कि त्योहार होने से ट्रेन में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है।