पेट्रोल पंप सेखुआनी पर डीजल के लिए लगी वाहनों की भीड़।
महराजगंज। जनपद में ईंधन की किल्लत के बीच लोग रात में ही पेट्रोल पंपों पर पहुंच जा रहे हैं। रात से ही पंपों पर लोग कतार लगाकर खड़े हो जा रहे हैं। ऐसे में आठ से 10 घंटे तक कतार में खड़े रहने के बाद लोगों को डीजल मिल रहा है। कृषि कार्यों की वजह से डीजल के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। पेट्रोल तो कुछ देर के इंतजार पर ही मिल जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल उपलब्ध है। परसामलिक प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेखुआनी चौराहे पर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की रात करीब 11 बजे डीजल आने की सूचना मिलने पर क्षेत्र के सैकड़ों किसान रात में ही डिब्बा या गैलन लेकर लाइन में लग गए। किसानों को शनिवार की सुबह कड़ी मशक्कत के बाद डीजल मिल पाया।
जानकारी के अनुसार, परसामलिक थाना क्षेत्र के सेखुआनी चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल आने की सूचना मिलने पर क्षेत्र के किसान गैलन व चारपहिया वाहन लेकर लंबी कतार लगा लिया। डीजल की किल्लत के बीच किसान अपने खेतों की जुताई व धान की नर्सरी तैयार करने के लिए काफी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। लाइन में लगे क्षेत्र के किसान महबूब अली, गुड्डू यादव, विजय यादव, रमेश, अमित, सोनू, ज्ञानचंद, महेश आदि लोगों ने बताया कि धान की खेती का समय चल रहा है। धान की नर्सरी को सूखने से बचाने के लिए पंपिंग सेट से पानी चलाने के लिए डीजल की सख्त जरूरत है।
नौतनवा प्रतिनिधि के अनुसार, नगर स्थित पंपों पर डीजल और पेट्रोल के लिए शनिवार को पंपों पर भीड़ उमड़ी रही। सैकड़ों की संख्या में एक साथ लोगों के उमड़ने से जहां अफरा-तफरी की स्थिति बनी वहीं लोगों को जाम की परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। राहगीरों के अलावा क्षेत्र के कई किसान डीजल लेने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली, बुलडोजर समेत अन्य कृषि उपयोगी वाहन एवं गैलन लेकर चिलचिलाती धूप में ही पंपों पर लाइन में खड़े रहे।