मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने अन्न दान कर सुख समृद्धि की कामना की
मंदिरों में भजन कीर्तन का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। मौनी अमावस्या पर मंगलवार की सुबह नदी के घाटों पर लोग पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगाई। बछिया व अन्न दान कर सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान बच्चों ने मेले का भी खूब आनंद लिया। उधर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के उद्देश्य से प्रशासन ने गोताखोर, नाव और पर्याप्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था की थी।
सदर तहसील के रोहिन नदी के त्रिमुहानी घाट, घुघली के बैकुंठीघाट, धानी के राप्ती नदी सहित नेपाल के नवलपरासी जिले के अंतर्गत त्रिवेणी धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। चौक प्रतिनिधि के अनुसार मौनी अमावस्या पर क्षेत्र के रोहिन नदी के चानकी घाट पर मंगलवार को भोर से ही स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। चौक, ओबरी, बरगदही बसंतनाथ, महेशपुर, कम्हरिया कला, बेलभरिया, परासखाड़, बेलासपुर, फुरशतपुर, सलामतगढ़ समेत दर्जनों गांवाें के लोगों ने स्नान के बाद दान किया।
घुघली प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बैकुंठी, घुघली बुजुर्ग, विश्वनाथपुर टेढवा, मेदनीपुर, बालाक्षत्र घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख, शांति की कामना की।