दुर्गा मंदिर में नवरात्र के आखिरी दिन भक्तों की भीड़ रही।
- फोटो : विनोद गुप्ता
मां दुर्गा मंदिर, लेहड़ा मंदिर, माता बनैलिया मंदिर, टिकुलहियां माता मंदिर, समय माता मंदिर और घरों में शुक्रवार को हवन पूजन कार्यक्रम होता रहा। भक्तों ने मंदिरों मां के दर्शन कर खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान बड़े मंदिरों में स्वयं सेवकों के अलावा पुलिस भी मुस्तैद रही। नवरात्र पर्व व्रत उपासना के बीच संपन्न हुआ। महिलाओं ने कड़ाही चढ़ाकर प्रसाद स्वरूप हलुआ पूड़ी से पारण किया।
मऊपाकड़ दुर्गा मंदिर, बस स्टेशन रोड पर स्थित दुर्गा मंदिर, सोनाड़ी देवी दुर्गा मंदिर, रमपुरवा में स्थित दुर्गा मंदिर देउरवा दुर्गा मंदिर में मेले जैसा दुश्य रहा। श्याम मंदिर के पुजारी भानु प्रताप तिवारी ने बताया कि नवरात्र के समापन के दूसरे दिन से शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। शादी, जनेव, मुंडन आदि शुभ कार्य कर सकते हैं।
नौतनवा प्रतिनिधि के मुताबिक नवरात्र के अंतिम दिन माता बनैलिया मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही। भोर में मां की आरती के बाद भक्तों ने फलाहार चढ़ाया। नवरात्र के उपासकों ने मंदिर परिसर में हवन पूजन कर माता का आशीर्वाद लिया। सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में पुलिस और प्रशासन की कड़ी नजरें थीं।