पंडालों में मां लक्ष्मी की दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
दीपावली को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था रही सतर्क
महराजगंज। जिले में मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं पंडालों में सजाई गई हैं। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजन किया। भक्ति गीतों की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस सतर्क रही। शहर से लेकर गांव तक तमाम स्थानों पर पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया।
बृहस्पतिवार की शाम को घर पर दीप जलाने के बाद लोगों ने मां लक्ष्मी के प्रतिमाओं का दर्शन किया। श्रद्धालुओं ने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के सुभाषनगर, इंदिरा नगर, हमीद नगर, अमरूतिया, मऊपाकड़, चौक रोड, बिस्मिल नगर, गांधी नगर वार्ड, टेढ़वा कुटी, राजीव नगर वार्ड, बीर बहादुर नगर वार्ड सहित निचलौल शहर के मेन तिराहा, थाना रोड, मेन मार्केट, कटरा चौराहा के अलावा सिसवा बाजार, ठूठीबारी, मिठौरा बाजार, सिंदुरिया, बरगदवा बाजार, परसामलिक, नौतनवां, घुघली, फरेंदा, श्यामदेउरवा, पनियरा, शिकारपुर, बृजमनगंज सहित कुल 1012 जगहों पर मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।
खनुआ प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के हरदीडाली, कैथवलिया उर्फ बरगदही, करमहिया, पुरैनिहा आदि गांवों में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की पंडाल सजी। लोगों ने पूजा की। हरदीडाली में ग्राम प्रधान गोपाल नारायन चौधरी, पुरैनिहा में समाजसेवी विनय मिश्रा, सुनील कुमार मिश्र, अनिल गौतम, दिलीप गौतम आदि मौजूद रहे। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि त्योहार को देखते हुए पुलिस सतर्क है। उन्होंने कहा कि क्षेत्राधिकारियों और थानेदारों को क्षेत्र में भ्रमण करते रहने के निर्देश दिए गए हैं।