पशुओं को सर्दी से बचाने के लिए विशेष निर्देश प्रभावी
महराजगंज। पिछले कई दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है। कोहरा और पूरे दिन ठिठुरन में वृद्धि हो रही है। शीतलहर की स्थिति भी बढ़ी है। ऐसे में पशुओं को सर्दी से बचाने के लिए पशुपालन विभाग ने शनिवार को एडवाइजरी जारी की है।
पशुपालन विभाग की ओर से जिले में संचालित 23 अस्थायी गो आश्रय में पांच हजार से अधिक पशु हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हौसला प्रसाद ने कहा कि पशुओं को आसमान के नीचे खुले स्थान में न बांधे। रोशनदान, दरवाजे एवं खिड़कियों को जूट बोरे से आवश्यकतानुसार ढक दें। पशु बाड़े में गोबर एवं मूत्र निकास की उचित व्यवस्था की जाए। बिछावन में भूसा, पराली, गन्ने की खोई आदि का प्रयोग करें। पशु बाड़े को नमी व सीलन से बचाएं। प शुओं को ताजा पानी पिलाएं। साथ ही पशुओं को जूट बोरे की ओढ़न व अलाव का इतंजाम करें। पशुओं के आहार में खली, दाना, चोकर की मात्रा बढ़ाएं। असुविधा होने पर पशु चिकित्सालय अथवा टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क किया जा सकता है।