सोनौली। नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर सात राहुल नगर और वार्ड नंबर 9 सुभाष नगर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंद किए गए डिवाइडर खोलने की मांग की है। मंगलवार को नगर पंचायत के सभासदों, वार्ड सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
पत्र में बताया गया है कि नगर पंचायत सोनौली के अधिकांश वार्डों और आसपास की ग्राम पंचायतों के लोगों का आवागमन प्रमुख रूप से सोनौली बाजार, नगर पंचायत कार्यालय, अंतरराष्ट्रीय सीमा, रतनपुर ब्लॉक और सरकारी अस्पताल की ओर होता है। वॉर्ड नंबर सात और नौ के लोगों के लिए यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी इसी मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सोनौली में 960 थाई मंदिर स्थित है, जहां विदेशी नागरिकों का भी लगातार आना-जाना रहता है। डिवाइडर बंद होने के कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विनय यादव, करमहुसैन, मनोज सिंह, राजेश शुक्ला, डॉ. विनय सिंह, सेराज खान के अनुसार डिवाइडर बंद होने से दोपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और पैदल आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे करीब दो से तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है जिससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह रास्ता पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी महत्वपूर्ण है। लोगों का कहना है कि डिवाइडर में रास्ता खुलने से नगर पंचायत के वॉर्डों के साथ आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।