ठूठीबारी। वेतन भुगतान की मांग को लेकर गड़ौरा चीनी मिल में कार्यरत मजदूरों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। निचलौल तहसील क्षेत्र के गड़ौरा स्थित जेएचवी चीनी मिल में कार्यरत मजदूरों का चार माह का वेतन बकाया होने से नाराज श्रमिकों ने सोमवार को मिल गेट पर प्रदर्शन करते हुए चीनी मिल में चल रहे लोडिंग कार्य बंद करा धरने पर बैठ गए। गडौरा चीनी मिल मजदूर यूनियन अध्यक्ष डॉक्टर नवल किशोर मिश्र ने बताया की पिछले चार महीनों से मिल मजदूरों का वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे मिल मजदूर खेती बारी के लिए खाद बीज के साथ ही आर्थिक तंगी से परेशान हैं। धरने के तीसरे दिन भी न तो मिल प्रशासन और न ही संबंधित अधिकारी मिल मजदूरों का हाल जानने पहुंचे। श्रमिकों का कहना है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान शारदा नंद यादव, रामरक्षा यादव, ओमनरायण चौधरी, राजकुमार मिश्रा, गजानंद मिश्रा, सुरेश रौनियार, जसवंत गुप्ता, गोविंद पटवा मौजूद रहे। संवाद