महराजगंज। शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त किए जाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह और जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में शिक्षकों ने मांग की कि संसद के मानसून सत्र में अध्यादेश लाकर आवश्यक संवैधानिक संशोधन किया जाए ताकि 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से राहत मिल सके। जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 के तहत वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने से छूट प्रदान की गई थी। बाद में नियमों में हुए बदलाव और वर्ष 2017 के संशोधन के बाद सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के चलते ऐसे शिक्षकों की सेवा पर संकट उत्पन्न हो गया है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की नौकरी सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है।