महराजगंज। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने अपर मुख्य वन संरक्षक एपी सिन्हा को पत्र भेजकर वनटांगिया गांव फुरसतपुर बाजार में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दिलाने का अनुरोध किया है। विधायक का कहना है कि सड़क बनने से वनटांगिया क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और फुरसतपुर बाजार तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में सहजनवां वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी के पत्रांक का उल्लेख करते हुए बताया गया है कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव पहले ही मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव), पूर्वी गोंडा को भेजा जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में 28 अगस्त 2025 को भी पत्र भेजा गया था लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।