सिद्धार्थनगर। तापमान बढ़ने के साथ ही एसी और कूलर की मांग में तेज उछाल आया है, जिसका सीधा असर रोजगार पर भी दिख रहा है। शहर और कस्बों में इन दिनों कूलिंग उपकरणों की रिपेयरिंग और इंस्टॉलेशन का काम तेजी से बढ़ा है। इससे मैकेनिकों की व्यस्तता बढ़ने के साथ-साथ युवाओं को अस्थायी रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
स्थानीय नौगढ़ बाजार के अलावा बांसी, डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़ आदि बाजारों में एसी-कूलर की बिक्री के साथ उनकी सर्विसिंग और फिटिंग की डिमांड भी बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार, पहले जहां एक-दो कॉल ही आते थे, अब दिनभर में कई-कई ग्राहक संपर्क कर रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कई दुकानदारों ने अतिरिक्त हेल्पर भी रख लिए हैं, ताकि काम समय पर पूरा किया जा सके।
कूलर रिपेयरिंग, एसी इंस्टॉलेशन, गैस भराई और वायरिंग जैसे कामों में तेजी आई है। एक मैकेनिक दिनभर में औसतन 8 से 10 तक इंस्टॉलेशन या सर्विसिंग का काम कर रहा है। इसके चलते काम का दबाव भी बढ़ गया है और कई बार ग्राहकों को एक-दो दिन का इंतजार भी करना पड़ रहा है।