रक्षामंत्री व सीएम योगी आज चौक बाजार में करेंगे महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण
महराजगंज। चौक बाजार स्थित गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय में शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपराह्न तीन बजे से महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। देश व प्रदेश के दो प्रमुख राजनीतिज्ञों के जिले में आगमन को लेकर सफाई व अन्य व्यवस्था को दुरुस्त करने में दिन भर कसरत हुई। जिले के जिम्मेदार अधिकारियों ने भी भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर जो कार्यक्रम आया है उसके मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो बजकर 15 मिनट पर गोरखपुर एयरपोर्ट पर आएंगे, इसके उपरांत वे मुख्यमंत्री के साथ हेलीकॉप्टर से दो बजकर 45 मिनट पर चौक स्थित महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय परिसर में पहुंचेंगे। महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के अनावरण व अन्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के उपरांत वे अपराह्न चार बजकर 15 मिनट पर वे महाविद्यालय से गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। दोनों नेताओं के आगमन के मद्देनजर बृहस्पतिवार को महाविद्यालय परिसर, छावनी व मंदिर परिसर में सफाई, रंगरोगन, जाली लगाने समेत अन्य कार्यों को पूरा किया गया। हेलीपैड स्थल पर भी बैरीकेडिंग किए जाने के कार्य को अंतिम रूप प्रदान किया गया। पंडाल को सजाने व उसमें क्रमबद्ध ढंग से लोगों को बिठाने की दिशा में भी आवश्यक तैयारियों को पूूरा किया गया।
सुरक्षा तंत्र ने मौके पर पहुंच कर लिया जायजा
रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर से चौक पहुंचे सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा के प्रबंधों को देखने के उपरांत तथा लगभग घंटे भर तक रहने के उपरांत सुरक्षाकर्मी फिर रवाना हो गए।
अधिकारियों ने चौक पहुंच किया निरीक्षण
प्रभारी जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता, अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार वर्मा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं तेजा सीलम, अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार, अपर एसडीएम अविनाश कुमार, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने चौक बाजार महाविद्यालय परिसर, हेलीपैड स्थल व छावनी का निरीक्षण किया तथा जिम्मेदारों को आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किया। एसपी ने भी पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश प्रदान किया, साथ ही पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखे जाने का निर्देश दिया। देर रात एक बार फिर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण होगा। शुक्रवार की सुबह मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, अपर महानिदेशक अखिल कुमार के भी कार्यक्रम स्थल पर आने की सूचना है।
महंत अवेद्यनाथ का चौक बाजार से था गहरा नाता
गोरक्ष पीठाधीश्वर रहने के दौरान महंत अवेद्यनाथ का चौक बाजार से गहरा नाता रहा। गोरक्षपीठ का मंदिर व छावनी होने के नाते उनका यहां भी आगमन होता रहता था। क्षेत्र में शिक्षा की आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने शिक्षण संस्थानों की स्थापना कराई, जिसकी देन है कि क्षेत्र के लोग शिक्षा की मूलभूत आवश्यकता से जुड़कर आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। गोरखनाथ मंदिर से जुड़े रहने की वजह से वे पूरे हिंदू जनमानस के लिए प्रेरणा के श्रोत रहे।