लोटन। सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र के सिकरी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में हार्निया के ऑपरेशन के दौरान महराजगंज निवासी बुजुर्ग राम मूरत की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए महराजगंज के कोल्हुई थाना में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के नौवाडीह निवासी झीनका देवी ने 26 जनवरी को कोल्हुई थाने में तहरीर देकर बताया कि हर्निया के इलाज के लिए पति राममूरत 21 जनवरी 2026 को सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र के सिकरी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल गए थे। डॉक्टर ने खुद को सर्जन बताते हुए बिना किसी प्रकार की आवश्यक जांच के तत्काल ऑपरेशन कर दिया। आरोप है कि डॉक्टर और अस्पताल स्टॉफ की गंभीर लापरवाही से मरीज की मौत हो गई। सीएचसी लोटन के अधीक्षक अमित चौधरी का कहना है कि इस अस्पताल के संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं थी। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।