करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। नगर पालिका परिषद नौतनवां के मधुबन नगर वार्ड में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से गौतमबुद्ध नगर वार्ड निवासी दीपेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ सोनू (25) की मौत हो गई। इस घटना से परिवारवालों का रो रोकर बुरा हाल है।
गौतमबुद्ध नगर वार्ड निवासी दीपेंद्र मधुबननगर वार्ड में टिन शेड में पशुपालन का कार्य करते हैं। पशुओं की देखरेख के लिए वह सुबह व शाम आते-जाते रहते थे। शुक्रवार की सुबह पशुओं को चारा देने के लिए वह मधुबन नगर वार्ड में गए थे। इसी दौरान टिन शेड पर बिजली का केबल गिर जाने से उसमें करंट आ गया और पास बंधी एक बछिया झुलस गई। बछिया को जमीन पर लेटे देख उन्होंने जैसे ही उसे उठाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद दीपेंद्र के छोटे भाई मोनू वहां पहुंचे तो उन्हें जमीन पर गिरा देख घर वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने देखा तो बिजली का केबल टिन शेड पर गिरा पड़ा था। उन्होंने विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली कटवाई। परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपेंद्र की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र राय ने बताया कि विद्युत स्पर्शाघात से युवक की मौत की सूचना है। परिजन किसी तरह की कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं।