निचलौल कस्बे के मुख्य चौराहे के पास स्नान घर तोड़कर दुकानें बनाई जा रही हैं।
- फोटो : MAHARAJGANJ
स्नान घर तोड़वाकर दुकान बनाए जाने से ग्रामीण नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से कस्बे के मुख्य चौराहे के पास लाखों रुपये खर्च कर बनवाए गए वाटर एटीएम भवन और उससे सटे स्नान घर का स्वरूप बदल कर अब दुकानें बनाई जाने लगी हैं। इससे नाराज कस्बे के लोगों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत कर इस मामले की जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कस्बे के मुख्य चौराहे के पास बीते वर्ष एक वाटर एटीएम चेंबर और उससे सटे पांच स्नान घर बनवाए गए थे। वाटर एटीएम भवन का लोकार्पण तो हो गया लेकिन स्नान घर के लोकार्पण से पूर्व कस्बे के लोगों ने बगैर टेंडर कराए जा रहे उक्त निर्माण की अधिकारियों से शिकायत कर दी। जिसके बाद स्नान घर का निर्माण कार्य ठप हो गया। उक्त स्नान घर का निर्माण कार्य अब फिर शुरू हुआ है तो लोग आरोप लगाने लगे हैं कि नगरीय निकाय प्रशासन गुपचुप तरीके से टेंडर कर उक्त स्नान घर की जगह अब दुकान बनवा रहा है। कस्बे के दुर्गा प्रसाद अग्रहरि, शिवनाथ मद्धेशिया, शम्भूलाल वर्मा, अभय तिवारी, महेश गुप्ता, अजीत चौरसिया, सौरभ जायसवाल व सोनू आदि ने एसडीएम से शिकायत कर टेंडर से पहले काम कराने का आरोप लगाते हुये भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही शिकायत की जांच कराकर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अधिशासी अधिकारी देवेन्द्र मणि का कहना है कि अभी उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। यह मामला संज्ञान में आया है तो इसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।