परसामलिक। बरगदवा थाना क्षेत्र के अमहवा व दोगहरा गांव के बीच महाव नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ। नाले में भैंस नहलाने गए लोगों की नजर जब शव पर पड़ी, तो बाहर निकाल कर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व फाॅरेंसिक टीम जांच में जुट गई। शव की पहचान सुरेंद्र भारती (28) निवासी ग्राम पंचायत गनेशपुर, टोला सगरहवा के रूप में हुई है। जाबरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गनेशपुर टोला सगरहवा निवासी सुरेंद्र भारती शुक्रवार को महाव नाले पर चल रहे मरम्मत कार्य में गांव के लोगों के साथ मजदूरी करने गया था। शाम को करीब पांच बजे छुट्टी होने के बाद सभी मजदूर घर चले गए, लेकिन सुरेंद्र देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी। परिजन ने सुरेंद्र के बारे में रिश्तेदारी और गांव के आसपास के लोगों से पूछताछ की, मगर उसका पता नहीं चला।
शनिवार की सुबह महाव नाले में भैंस नहला रहे लोगों की नजर एक शव पर पड़ी, उसे बाहर निकालकर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर बरगदवा व परसामलिक थाने की पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वहीं फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
घटनास्थल बरगदवा क्षेत्र में होने के कारण बरगदवा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। मृतक सुरेन्द्र तीन बहनों रीता, पूनम, झिनकी तथा छोटे भाई रवि से बड़ा था। बरगदवा थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।