सिंदुरिया। तीन दिन पूर्व देवरिया शाखा गंडक नहर में गिरे सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बसंतपुर खुर्द निवासी अधेड़ का शव बुधवार की सुबह पड़वनिया फाटक के पास नहर में उतराता मिला। पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर जांच में जुट गई है।
बसंतपुर खुर्द निवासी सुकई (55) सोमवार को बसंतपुर खुर्द गांव के पश्चिम स्थित देवरिया शाखा नहर में शाम चार बजे अचानक गिर गए। ग्रामीणों ने घटना को देख शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने दो दिनों तक नहर में सुकई की तलाश की, लेकिन उनका कही पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह गांव के कुछ युवक नहर की तरफ टहलने गए थे। तभी लोगों की नजर नहर में उतराते हुए एक शव पर पड़ी। युवकों के शोर मचाने पर आसपास गांव के लोग जुट गए। किसी ने इसकी सूचना सिंदुरिया पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। थानाध्यक्ष अजित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। संवाद