मिठौरा/सिंदुरिया। ग्राम सभा विश्वनाथपुर पड़वनिया स्थित देवरिया शाखा की बड़ी नारायणी नहर में किशोरी का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सिंदुरिया थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की सुबह देवरिया शाखा की बड़ी नारायणी नहर में किशोरी का उतराता हुआ शव मिला। किशोरी की पहचान सिंदुरिया थानाक्षेत्र के ग्राम सभा मिठौरा निवासी सोनाली मोदनवाल (16) रूप में परिजनों ने की। ग्रामीणों के अनुसार युवती के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं हैं। उसके नाक से खून बहा हुआ मिला। अचानक सोनाली की मौत से पिता अक्षय मोदनवाल सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी सिंदुरिया अखिलेश कुमार सिंह के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी सदर आभा सिंह ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
झटका आने की थी बीमारी मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा विश्वनाथपुर स्थित देवरिया शाखा के नारायणी नहर में शनिवार की सुबह मिठौरा निवासी सोनाली मोदनवाल (16) झटका आने की बीमारी से पीड़ित थी। वह मिठौरा बाजार स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। वह भाई विशाल मोदनवाल, बहन विशाखा से छोटी थी। भाई विशाल ने बताया कि उसका इलाज गोरखपुर में एक डॉक्टर के वहां से चल रहा था।
19 फरवरी से रामलीला देखने के दौरान लापता हुई थी सोनाली
सोनाली 19 फरवरी की रात को ग्राम सभा में चल रही रुद्र मृत्युंजय महायज्ञ में रामलीला देखने के लिए गई थी। रात में जब सोनाली वापस नहीं आई तो परिजनों ने अगल-बगल के गांवों में ढूंढ़ना शुरू किया नहीं मिलने पर सोनाली के पिता अक्षय ने सिंदुरिया थाने में 20 फरवरी को शिकायती पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कराया। चार दिन बाद उसका नहर में मृत अवस्था में उतराता हुआ शव मिला।