महराजगंज। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए डे केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) के तहत की जाएंगी। इसका उद्देश्य कैंसर जैसे गंभीर रोगों का प्रारंभिक चरण में ही पता लगाना और इलाज की सुविधाओं को आम जनता के लिए सुलभ बनाना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन डे केयर सेंटरों पर कैंसर के साथ-साथ मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसे अन्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन सेंटरों में प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ के साथ जांच की आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। इससे रोगियों को बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रत्येक सेंटर पर मुख, स्तन और गर्भाशय, ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके अलावा संदिग्ध मामलों को समय रहते जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा। सेंटरों पर बीपी मॉनिटर, ब्लड शुगर टेस्ट, थर्मल स्कैनर आदि आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी कैंसर जैसी बीमारियों के लक्षणों को लोग गंभीरता से नहीं लेते, जिससे बीमारी का पता देर से चलता है और इलाज में कठिनाई होती है। डे केयर सेंटरों के माध्यम से लोगों को नजदीक ही प्रारंभिक जांच और परामर्श की सुविधा मिलेगी, जिससे बीमारी की पहचान जल्दी हो सकेगी।