आरोप : शिकायत करने पर एक के बाद एक अधीनस्थ कर्मचारियों का नंबर देकर उलझा रहे जिम्मेदार।
आईओसीएल के मुख्य महाप्रबंधक से प्रशासन की हुई वार्ता विफल, समस्या कायम
नौतनवा। क्षेत्र स्थित इंडियन गैस सर्विस में फिलहाल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद नहीं दिख रही है। करीब 2400 गैस की डीएसी खारिज न होने और हेराफेरी के आरोपों के बीच कागजी प्रक्रिया अपूर्ण मिलने पर आईओसीएल ने गैस आपूर्ति बाधित कर दी है। इस बीच सहालग शुरू होने से गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
नौतनवा के इंडियन गैस सर्विस में लगातार 15 दिनों से बंद पड़ी गैस की आपूर्ति और प्रशासनिक उदासीनता के कारण बढ़ती जा रही है। गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। परेशानी उपभोक्ता बार-बार जिम्मेदारों से शिकायत कर रहे हैं लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा है। जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साध मूकदर्शक बने हुए हैं। इतना ही नहीं अधिकारी अब गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर कोई जवाब देने से भी कतराने लगे हैं। जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उपभोक्ता इंद्रपाल सिंह का ने बताया कि बृहस्पतिवार को बहन की शादी के लिए लेडीज संगीत का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के लिए पांच गैस सिलिंडर दिलाने के लिए तहसील में आवेदन दिया था। बुधवार को शाम तक गैस नहीं मिल पाया है। अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। अविनाश अग्रहरि का कहना है कि नौतनवा कस्बे में 15 दिनों से गैस नहीं आ रहा है। जिम्मेदारों को शिकायत करने पर वह सिर्फ अपने अधीनस्थों का एक के एक बाद नंबर देने तक ही लोगों को उलझाए हुए हैं। यह कोई समस्या का समाधान नहीं है। यदि ऐसे ही चलता रहा तो किसी दिन स्थिति भयावह हो जाएगी।
वर्जन
नौतनवा गैस एजेंसी को गैस आपूर्ति बहाल करने के लिए आईओसीएल के मुख्य महाप्रबंधक लखनऊ से वार्ता की गई है। विचाराधीन कुछ कागजी प्रक्रियाओं की जांच पूर्ण होने के बाद आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया गया है। समस्या का समाधान हो सके इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
-नवीन प्रसाद, एसडीएम