आपूर्ति कार्यालय फरेंदा में आवेदन के लिए लगा तांता, गैस सिलिंडर न मिलने की डर में है उपभोक्ता
शादी की खरीदारी के साथ ही परिवार के सदस्य गैस सिलिंडरों की व्यवस्था में जुटे
फरेंदा। रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत की वजह से आम उपभोक्ताओं की परेशानी अभी भी बनी हुई है। उन लोगों की चिंता ज्यादा बढ़ गई है जिनके परिवार में मांगलिक कार्य होने हैं। शादी वाले घरों में लोग गैस सिलिंडर के इंतजाम करने में व्यस्त हैं। ऐसे में आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय में आवेदकों की भीड़ उमड़ रही है।लोग शादी के कार्ड लेकर सुबह ही कार्यालय पहुंच रहे हैं।
फरेंदा क्षेत्र में अभी भी गैस सिलिंडर के लिए मारामारी मची हुई है। एजेंसी पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लग रही है। सबसे अधिक समस्या तो ग्रामीण क्षेत्रों में है जहां पर 45 दिन बाद बुकिंग हो रही है। सबसे अधिक दिक्कत तो उन घरों को जहां कुछ ही दिन में शादी के साथ अन्य आयोजन की तिथि नियत की गई है। क्षेत्र के मनोज, प्रदीप विश्वकर्मा, मुकेश, शैलेंद्र, राजकुमारी देवी, पंकज सहानी सहित तमाम लोग आपूर्ति कार्यालय में आवेदन पत्र जमा कर गैस सिलिंडर की मांग की है। गैस की कमी से न सिर्फ दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है बल्कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों पर भी संकट खड़ा हो गया है।
वर्जन
एक मई को बेटी की शादी है। गैस सिलिंडर के लिए कई एजेंसियों पर बात किया लेकिन कहीं कोई उम्मीद नही मिली तो आपूर्ति कार्यालय में गैस सिलिंडर के लिए आवेदन किया है।उम्मीद है गैस सिलिंडर उपलब्ध हो जाएगा।
-लाल बिहारी, हरपुर
-
बहन की शादी करीब है। सारी व्यवस्था हो गई है लेकिन दो गैस सिलिंडर की जरूरत है। आपूर्ति कार्यालय में आवेदन जमा कर सिलिंडर की उपलब्धता की मांग की है। उम्मीद है गैस सिलिंडर मिल जाएंगे।
-मुन्ना, धानी
जिसके घर पर शादी या अन्य आयोजन है वह कार्ड लगा कर आवेदन करें। आवेदन के साथ एक पत्र संबंधित एजेंसी को भेजा जाएगा। इसके बाद सहजता से लोगों को गैस सिलिंडर उपलब्ध करा दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने पाएगी। सभी को गैस सिलिंडर समय से मिल जाएगा।
-ईशान प्रताप सिंह, आपूर्ति निरीक्षक, फरेंदा