परतावल। खेत देखकर बाइक से घर लौट रहे इमिलिया निवासी नाथू शर्मा (52) की सामने से आ रही बाइक से हुई टक्कर में मौत के मामले की विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विवेचना में सामने आया कि हादसे के समय बाइक चला रहे सचिन निवासी इमलिया के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी में सदोष मानव वध की धारा बढ़ाते हुए आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नाथू शर्मा 11 अगस्त को बाइक से खेत देखने गए थे। वहां से लौटते समय सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने नाथू शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सचिन का उपचार किया गया।
नाथू शर्मा की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। बड़े बेटे उपेंद्र और सतेंद्र बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि छोटा बेटा शिवेंद्र घर पर रहकर पढ़ाई करता है।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के बेटे सत्येंद्र शर्मा की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान सामने आया कि बाइक चला रहे सचिन के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी में धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी सचिन को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।