कोविशिल्ड लगाने वाले काउंटर पर भीड़ कम
महराजगंज। जिले में कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए लोगों में ज्यादा जागरूकता नहीं दिख रही है। कुछ लोग पंजीकरण के झंझट से परेशान हैं। उनके मुताबिक प्रक्रिया जटिल होने से समस्या होती है। कभी नेट की समस्या तो कभी पार्टल पर सर्वर व्यस्त रहता है। बुधवार को टीकाकरण केंद्र पर कोवैक्सीन लगवाने के लिए अधिक संख्या में लोग पहुंचे। वहीं कोविशिल्ड लगाने वाले काउंटर पर लोगों की भीड़ नहीं थी। जिले में 1200 लक्ष्य के सापेक्ष 524 लोगों को टीका लगाया गया।
जिला अस्पताल में टीका लगवाने पहुंचे राजेंद्र प्रसाद, विरेश, रामचंद्र ने बताया कि कोवैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन में लग जा रही है। यही वजह है कि इसे लगवाने वालों की संख्या ज्यादा है। टीका लगवाने के लिए कुछ देर प्रतिक्षा करना पड़ रहा है। वहीं कोविशिल्ड की दूसरी डोज के लिए 84 दिन का इंतजार करना पड़ता है। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 56 केंद्रों पर कोरोनारोधी टीका लगाने की व्यवस्था है। टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। टीकाकरण केंद्र पर किसी को परेशानी न हो, इसके विशेष ख्याल रखा जा रहा है।